नवम सिद्धिदात्री
नवरात्रि का नौवा दिन और सिद्धिदात्री मां का आशीर्वाद प्राप्त करना..
देने से बढ़ता है, बाँटने से वृद्धि होती है। ये वाक्य सुनने में विरोधाभासी लग सकते हैं, लेकिन इन्हें समझने के लिए भौतिकता से थोड़ा परे जाना होगा। आप किसी को सम्मान देते हैं तो आपको सम्मान मिलता है, प्रेम देते हैं तो प्रेम। ऐसे ही जब आप दान या मदद की प्रक्रिया में माध्यम बनते हैं, तो आप ईश्वर की कृपा के पात्र बनते हैं।
संत कहते हैं कि आप प्रभु का काम करते हैं, तो प्रभु आपकी देखभाल का जिम्मा स्वयं उठा लेते हैं। देने का भाव समृद्धि की ओर ले जाता है, बाँटने से बरकत होती है। लेकिन देते हुए दाता का भाव न आए, आप स्वयं को कर्ता न समझें, केवल माध्यम बने रहें। यह बात खुद को बार-बार याद दिलाते रहें, क्योंकि जाने कब दाता होने का अहम् भीतर प्रवेश कर जाए और पता भी न चले।
नवम सिद्धिदात्री...
सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि। सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी॥
नवरात्र के नौवें दिन माँ की वर मुद्रा पर ध्यान लगाकर उनकी ऊर्जा को अपने भीतर समाहित होता हुआ महसूस करें। माँ सिद्धिदात्री मुक्त हस्त से आशीर्वाद की वर्षा करती हैं।
सर्वसिद्धियाँ प्रदान करने वाली माँ सिद्धिदात्री से मेरी प्रार्थना है कि उनकी कृपा संपूर्ण सृष्टि पर बनी रहे। हर घर धन-धान्य से परिपूर्ण हो और हर हृदय में प्रेम, करुणा एवं उदारता का वास हो।
ध्यान विधि 🪷
शांत होकर बैठें और आँखें बंद कर लें। माँ सिद्धिदात्री की वरद मुद्रा का ध्यान करें। कल्पना करें कि माँ की कृपा प्रकाश बनकर आप पर बरस रही है। कुछ क्षण अपनी साँसों के साथ सहज रहते हुए मन ही मन दोहराएँ, “मैं केवल माध्यम हूँ, सब कुछ ईश्वर की कृपा से है।” इस भाव के साथ स्वयं को माँ के चरणों में समर्पित कर दें।
जय माँ सिद्धिदात्री 🪷🙏
Comments
Appreciate the author by telling what you feel about the post 💓
No comments yet.
Be the first to express what you feel 🥰.
Please Login or Create a free account to comment.