Title
एक लड़के की कहानी जो शहर में स्पोर्ट्स कोटे पर कॉलेज में एडमिशन लेने आता है और उसे एडमिशन ना मिलने पर किन मुसीबतों का सामना करना पड़ता है।
"सच की जीत"
"चल अब उठ जा आकाश बेटा.. जाना नहीं है क्या .. कॉलेज में दाखिले के लिए..?" माँ ने आकाश के केश में हाथ फेरते हुए उठाया। आकाश ने बिस्तर पर से ही अलसाई भरी आवाज में कहा "उठ रहा हूँ माँ..! वैसे भी इस बार शहर में एडमिशन की मारामारी में चप्पल घिस गए चक्कर लगाकर पर संभव होता दिख नहीं रहा है। " थोड़ी निराशा भरी शब्दों में बोलते हुए आकाश बिस्तर पर से उठा ।
".. माँ जल्दी से अब नाश्ता लगा दे, देर हो रही है ।"
"हाँ अभी लेकर आई.."
"अच्छा तो , माँ मैं निकल रहा हूँ । "
"हाँ, ठीक है.. अपने सर्टिफिकेट की फाइल लेना मत भूलना। और अपना ध्यान रखना..!"
"अरे माँ.., वो कैसे भूल सकता हूँ । वही तो मेरी ताकत है।"
आकाश अपने परिवार के साथ हरियाणा के एक छोटे से गाँव से, शहर के एक अच्छे कॉलेज में स्पोर्ट्स कोटा पर एडमिशन के लिए आया था । आकाश को पढ़ाई के साथ-साथ.. कुश्ती में भी राज्य स्तर पर अनेकों पुरस्कार मिले थे। सोचा था शहर के किसी अच्छे कॉलेज में अगर एडमिशन मिल जाएगा तो वहाँ के उत्तम प्रशिक्षण पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचा जा सकता है। पर अब तक जितने भी कॉलेजों में प्रयास किया निराशा ही हाथ लग रही थी।
"चल यार जल्दी-जल्दी आज थोड़ी देर हो गई है । अब तक तो लाइन भी लंबी हो गई होगी ।" नवीन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा। "हाँ यार.. पर वैसे भी जल्दी पहुँचकर कौन सी जीत हासिल कर ली है।" आकाश ने अपना रोष दिखाते हुए कहा । "हाँ ..तू सही कह रहा है ..। नवीन ने आकाश की बात में सहमति जताई..। "भले ही हम एडमिशन के लिए पूर्ण काबिल क्यों ना हो, फिर भी इसी शहर के विद्यार्थियों को पहले प्राथमिकता दी जाती है, और कुछ सीट, आरक्षण धारी विद्यार्थियों के लिए रहता है।" "हाँ यार सही कह रहा है और बाकी के जो बचते है.., वो इस शहर के धन्ना सेठ के बेटे हड़प लेते हैं ।" नवीन ने कहा..।
"अभी तक लगभग सभी कॉलेज में एडमिशन के लिए अपनी कुश्ती की परीक्षा दे चुका हूँ। पैनल पर उपस्थित सभी माननीय जज प्रशंसा के साथ एडमिशन के लिए आश्वस्त भी कर देते हैं। पर दूसरे दिन जब लिस्ट में नाम देखने जाओ तो कहीं भी नाम अंकित नहीं रहता ..।" आकाश ने निराशा भरी शब्दों में कहा..।
"अब मैंने सोच लिया है अपने हक के लिए कुछ अलग कदम उठाऊँगा । "हाँ यार अब ऐसा ही कुछ करना पड़ेगा ..!" नवीन ने भी अपनी बेबसी दिखाते हुए कहा... "और इस काम में मुझे तेरे सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी।" आकाश ने कहा
"हाँ.. यार क्यों नहीं..!" नवीन ने आकाश के कंधे पर हाथ रखकर मुस्कुराते हुए कहा।
"अरे.. अरे.. यह क्या कर रहे हो.. चलो बाहर निकलो यहाँ से..! कॉलेज के स्पोर्ट्स अधिकारी ने चिल्लाते हुए कहा ..! गार्ड ...गार्ड.. कहाँ हो भाई जल्दी इन लड़कों को यहाँ से बाहर निकालो... ! " भारी संख्या में विद्यार्थियों का जमावड़ा देखकर स्पोर्ट्स प्रभारी ने जोर से आवाज दिया.. ।
" गार्ड भी कुछ नहीं कर पाएगा सर, हमें सब पता चल गया है , आप हम जैसे छोटे तबके से आए बच्चों पर आपका ध्यान नहीं रहता। पीछे से पैसा लेकर एडमिशन करते हो। अगर आपने अभी अपनी गलती स्वीकार कर सुधार नहीं किया ना, तो हम आपके और इस कॉलेज का नक्शा बदल कर रख देंगे..।" विद्यार्थियों ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा..।
"ये बेबुनियाद इल्जाम तुम हम पर कैसे लगा सकते हो..?! चलो जाओं यह से भागो...!" प्रभारी ने क्रोध भरी आवाज़ में कहा..! "हम नहीं जाने वाले सर," आकाश ने आगे बढ़कर अपने हाथ में फाइल का पोथा लिए प्रभारी की ओर बढ़ाते हुए कहा...! "चलो पकड़ो यह फाइल और जल्दी से साइन करो..!"
"पर किसी भी काम को करने का तरीका होता है ..।" प्रभारी ने सहमते हुए कहा..!
"अबे ओए प्रोफेसर ज्यादा नौटंकी मत कर सब पता है हमें.. जल्दी हमारा काम कर नहीं तो यह देख तेरे एडमिशन लेने का तरीका इस कैमरे में कैद है। बहुत बड़ा पेट है तेरा ...!" पीछे की भीड़ में से निकल कर एक दूसरे विद्यार्थी ने कहा..! प्रभारी कैमरा देखकर थोड़ा सकपका गया । "तू भली भाँति जनता है हमारी फाइल में कोई कमी नहीं है फिर भी हमें दाखिला नहीं देकर,, बिन हकदार वाले बच्चों को देता है।" "क्यों दोस्तों सही कह रहा हूँ ना..।" नवीन ने पीछे मुड़कर अपने दोस्तो को संबोधित करते हुए कहा। "हाँ बिल्कुल ... चल,, काम रहा है या, फिर ये कैमरा खोलु..!" .. अरे भैया लाओ हम ही ये कैमरा खोलते है प्रोफेसर साहब काम करने के मूड में नहीं दिखते..! " पीछे से एक विद्यार्थी ने कहा। ये सुनते ही प्रभारी डर गया ..! और झट से आकाश के हाथ से फाइल छीनकर एकबारगी से नजर डालकर साइन कर दिया और विद्यार्थियों को पकड़ा दिया । सारे बच्चे खुश हो गए ..! आकाश ने फाइल लेते हुए अपना हाथ हवा में लहराते हुए जोर से चिल्ला कर कहा... "क्यों दोस्तों अब हुई ना बात.., क्या..? बोलो..?"। सबने जोर से चिल्लाकर कहा.. "जिसकी लाठी उसकी भैंस ..! " जीत आखिर सच्चाई की ताकत की ही होती है ..!
घर की घंटी बजी माँ ने दरवाजा खोलते ही पूछा "आकाश बेटा क्या...या.. " इससे पहले कि माँ पूरी बात बोलती अभिषेक ने हँसते हुए कहा "एडमिशन हो गया माँ.. अब तेरा बेटा देखना स्पोर्ट्स में राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जाएगा और तेरे मान के साथ साथ देश का भी गौरव बढ़ाएगा" माँ ने भी खुश होकर आकाश की बलैया ले ली....।
स्वरचित/ पूनम सिंह
Comments
Appreciate the author by telling what you feel about the post 💓
सुंदर कहानी????
Please Login or Create a free account to comment.