खुल गए मेरे पंख
ज़िंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा समाज के ढांचे में ढल कर जीने के बाद, उम्र के एक पड़ाव पर, इच्छा होती है कि बस अब हम वैसे जियें जैसे मन कहता है .. और ये एक स्वार्थ भावना नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व का सम्मान है। इन्हीं भावनाओं को अपनी कुछ मौलिक स्वरचित पंक्तियों के माध्यम से साझा कर रहा हूँ |
खुल गए मेरे पंख
ज़िंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा समाज के ढांचे में ढल कर जीने के बाद,
उम्र के एक पड़ाव पर, इच्छा होती है कि बस अब हम वैसे जियें जैसे मन कहता है ..
और ये एक स्वार्थ भावना नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व का सम्मान है।
इन्हीं भावनाओं को अपनी कुछ मौलिक स्वरचित पंक्तियों के माध्यम से साझा कर रहा हूँ |
***
बहुत हो गया जीवन में बंधन और क्रंदन,
खुल गए मेरे पंख मुझे अब उड़ लेने दो |
रटे-रटाये शास्त्रों को तुम न दोहराओ
मुझको अपने अंतर्मन से जुड़ लेने दो ||
बहुत हो गया जीवन में . . . .
अन्तर्मन की ध्वनि जीवन में गूंजे गरजे,
उसकी स्वरगंगा में डूब के बह लेने दो |
मन की उन्मादी लहरों संग झूमूँ नाचूं,
जर्जर से आडम्बर को अब ढह लेने दो ||
बहुत हो गया जीवन में . . . .
धर्म की चर्चा में जीवन की संध्या हो गई ,
बिखरें भ्रम के बादल इनको अब छंटने दो ||
सत की और असत की भंवरों से उबरूं मैं,
बेखटके हो जियूं वहम मन के हटने दो ||
बहुत हो गया जीवन में . . . .
कैसा तप कैसी मुक्ति क्या ज्ञान की तृप्ति,
इसका अनुसंधान मुझे खुद कर लेने दो |
लोक और परलोक से न भयभीत करो तुम,
इस जीवन को सार्थक और संवर लेने दो ||
बहुत हो गया जीवन में . . . .
"चंद्र" न हो कुछ मांग मेरी स्तुतियों में अब,
अलमस्ती की ओर मुझे अब मुड़ लेने दो |
न चाहूँ कि राम कृष्ण या बुद्ध बनूँ मैं,
परमब्रह्म के बोध से मन को जुड़ लेने दो ||
बहुत हो गया जीवन में बंधन और क्रंदन
खुल गए मेरे पंख मुझे अब उड़ लेने दो |
✍️ ༄ चन्द्र मोहन कत्याल ༄ कवि • लेखक
#chandramohankatyal, #HindiPoetry, #हिंदीकविता
Comments
Appreciate the author by telling what you feel about the post 💓
No comments yet.
Be the first to express what you feel 🥰.
Please Login or Create a free account to comment.