क्षमा : किसके लिए और क्यों?

क्या माफ़ करने का मतलब सब भूल जाना है? क्या इसका मतलब रिश्तों को पहले जैसे कर लेना है?

Published By Paperwiff

Sun, Feb 22, 2026 6:55 PM

क्षमा : किसके लिए और क्यों?

पोल बॉएस कहते हैं कि...

“क्षमा करने से पिछला समय तो नहीं बदलता, लेकिन इससे भविष्य सुनहरा हो उठता है।”

"क्षमा कर दो" कहना जितना सरल लगता है, उतना है नहीं । क्योंकि सबसे गहरी चोट हमें अपने लोगों के व्यवहार से लगती है, अनजान लोगों से नहीं। जो हमारे दिल के सबसे करीब होते हैं, वही अगर कुछ कह या कर जाएँ तो बहुत तक़लीफ होती है। और उससे भी बड़ी बात कि उनके साथ ही रहना होता है।

मन में ये सवाल भी बार-बार उठता है कि 

क्या माफ़ करने का मतलब सब भूल जाना है? 

क्या इसका मतलब रिश्तों को पहले जैसे कर लेना है? 

इसका एकदम सीधा ज़बाब है, "नहीं"

क्षमा का मतलब यह नहीं कि अपनी सीमाएँ ना बनाएं। क्षमा का सही अर्थ है कि दिल से उस दर्द को छोड़ दें, लेकिन दिमाग से अपनी हदें तय कर लें।

समझने वाली बात यह है कि क्षमा करने का मतलब होता है, खुद को आराम देना। जब तक हम ठीक से क्षमा नहीं करते तब तक वहीं बात बार बार मन में कुलबुलाती रहती है, और वही स्थिति हम बार बार जीते रहते हैं। कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें हम सालों लिए घूमते रहते हैं, वो व्यक्ति भी जीवन से दूर चला जाता है, फिर भी उससे जुड़ा गुस्सा पीड़ा या अपमान मन में ही अटका रहता है, इससे एक ऊर्जा का बॉन्ड उस व्यक्ति के साथ बना ही रहता है। और बराबर हमारी ऊर्जा का क्षय होता रहता है। यह एक नकारात्मक बांड होता है, जो दीमक की तरह भीतर ही भीतर खोखला किये जाता है।

सालों बाद जब वो दर्द हील होता है और हम उस घटना से जुड़े व्यक्ति को माफ़ करते हैं तो ऐसा लगता है अचानक सब कुछ हल्का हो गया और फिर हमें अपने जीवन में कुछ बेहतर अनुभव होते हैं, क्योंकि जो जगह ख़ाली हुई है, वो भरेगी तो जरूर। जब अंधेरा छंटता है तो रोशनी जरूर आती है।

इसके अतिरिक्त एक पक्ष वह भी है जो गौतम बुद्ध ने बताया है।

गौतम बुद्ध कहते हैं..

“तुम्हें कोई तब तक आहत नहीं कर सकता, जब तक तुम उसे अपने भीतर जगह न दो।”

सच यही है, हम दूसरों के व्यवहार को नहीं बदल सकते, पर हमारी प्रतिक्रिया हमेशा हमारे ही हाथ में होती है। 

क्षमा का मतलब है अपने भीतर के ज़हर को बाहर निकालना, और बाउंड्री का मतलब है उस ज़हर को दोबारा अंदर न जाने देना।

हममें से कईं लोगों को ये भी लगता है कि अगर हम क्षमा करते हैं तो सब हमें कमजोर समझेंगे, लोग हमें जज़ करेंगे। यहां माहत्मा गांधी जी के कहे पर गौर करना जरूरी हैं, उन्होंने कहा था...

“कमज़ोर कभी क्षमा नहीं कर सकते, क्षमा शक्तिशाली व्यक्ति का गुण है।”

इसलिए क्षमा को कमजोरी समझना भूल है। यह आत्मा की परिपक्वता है, जब हम अपनी जिम्मेदारी खुद लेते हैं, किसी और को दोष नहीं देते, और अपने लिए कुछ सीमाएँ तय करते हैं।

एक अलग पहलू ये भी है कि समय समय पर खुद को भी माफ़ करना चाहिए ...

उन सभी पलों के लिए जब हम ज़रूरत से ज़्यादा झुक गये थे, या जब किसी को खुश करने के लिए खुद को ही खो दिया था। तब खुद से यह कहना होता है कि “मैं सबको माफ़ करता/करती हूँ, लेकिन अपनी शांति की कीमत पर नहीं ।

क्योंकि जो बीत गया, वो तो अतीत हो गया, पर हम जो आज सोचते और महसूस करते हैं, वह हमारा भविष्य बनता है।

इसलिए क्षमा कीजिए, लेकिन अपनी सीमाएँ जरूर बनाएं। यही सच्ची आत्म-सुरक्षा और आध्यात्मिक परिपक्वता है। 

आपने भी कभी न कभी इस बात को महसूस किया होगा कि क्षमा करनें से किस तरह मन पर लदा बोझ उतर जाता है। आप चाहें तो अपने अनुभव हमारे साथ साझा कर सकते हैं, आप सभी का स्वागत है पेपरविफ (www.paperwiff.com) पर।