स्वास्थ्य की सहेली : अलसी
हम अक्सर बड़ी-बड़ी चीज़ों की तलाश में रहते हैं - महंगे सप्लीमेंट्स, चमत्कारी उपाय, और न जाने क्या-क्या।अलसी भी ऐसी ही एक सीधी और, अनदेखी साथी है।
Published By Paperwiff
Wed, Jul 22, 2026 11:24 AM
इंटरनेट के इस दौर में हम सब कहीं न कहीं पढ़ते ही रहते हैं कि अलसी स्वास्थ्य के लिए अच्छी होती है। पर सवाल उठता है कि, इसे कैसे खाएँ ? भिगोकर, पीसकर या भूनकर?
मेरे अनुभव के अनुसार,
इसे हल्का-सा भून लेना सबसे आसान तरीका है।भूनने से इसका स्वाद भी निखरता है और इसे सीधे या पाउडर बनाकर खाना भी सहज हो जाता है। और जब अलसी को नियमित रूप से अपनी दिनचर्या में शामिल करें तो पानी खूब पीयें।
अब बात करते हैं कि यह हमारे शरीर के लिए क्या करती है।
1. शरीर को ऊर्जा देती है -
कई बार सुबह उठते ही शरीर भारी और थका हुआ लगता है। ऐसे समय में एक-दो चम्मच भुनी अलसी दिन की शुरुआत को थोड़ा संतुलित कर देती है। इसमें प्रोटीन और अच्छे वसा (ओमेगा फैटी एसिड) होते हैं, जो शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा देते हैं। इसे आप चबाकर भी खा सकते हैं या फिर हल्का पीसकर आटे, दही या सलाद में मिला सकते हैं।
2. कोलेस्ट्रॉल का संतुलन -
अलसी में घुलनशील फाइबर और ओमेगा-3 तत्व होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक माने जाते हैं। नियमित और सीमित मात्रा में लिया जाए तो यह हृदय के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकती है।
लेकिन एक बात हमेशा याद रहे — यह दवा का विकल्प नहीं, सहायक आहार है।
3. पाचन में सहायक -
जिस भोजन में फाइबर होता है, वह पेट को साफ रखने में मदद करता है। अलसी भी ऐसा ही करती है। यह भूख को अनावश्यक रूप से बढ़ने नहीं देती और बार-बार कुछ खाने की इच्छा को कम करती है। इस तरह धीरे-धीरे वजन भी संतुलित हो जाता है।
4. त्वचा, बाल और मानसिक स्वास्थ्य -
अलसी में विटामिन ई और अच्छे वसा होते हैं, जो त्वचा को भीतर से पोषण देते हैं।
कुछ लोग रात में गुनगुने दूध में एक चम्मच अलसी पाउडर मिलाकर लेते हैं। इससे शरीर को आराम मिलता है और अच्छी नींद आती है।
आइए अब बात करते हैं कि - कितना और कैसे लें?
दिन में 1 से 2 चम्मच पर्याप्त है।
अत्यधिक मात्रा लेने से पेट में गैस या भारीपन हो सकता है। यदि थायरॉयड, हार्मोनल समस्या या कोई पुरानी बीमारी हो तो डॉक्टर से सलाह ज़रूर लें।
और अंत में…
हम अक्सर बड़ी-बड़ी चीज़ों की तलाश में रहते हैं - महंगे सप्लीमेंट्स, चमत्कारी उपाय, और न जाने क्या-क्या।
लेकिन कई बार समाधान बहुत सरल होते हैं।अलसी भी ऐसी ही एक सीधी और, अनदेखी साथी है। अगर नियमितता से लेते रहें तो धीरे-धीरे अपना काम करती रहती है।
हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि - स्वास्थ्य अच्छी आदतों से बनता है, और हर छोटी अच्छी आदत भविष्य के लिए एक प्रेम-पत्र होती है — अपने ही शरीर के नाम।
आपको यह ब्लॉग कैसा लगा, हमें जरूर बताएं। हमें आपके प्रतिक्रिया (Feedback) का इंतजार रहेगा।